आनंद ने फिर ड्रा खेला, कार्लसन खिताब के और करीब पहुंचे
(India) दस बाजियों में सातवां ड्रा होने के बाद आनंद अब भी कार्लसन से पूरे एक अंक पीछे चल रहे हैं। नार्वे का खिलाड़ी अपना खिताब बरकरार रखने से केवल एक अंक दूर है। उन्होंने पिछले साल चेन्नई में भारतीय स्टार को हराकर खिताब जीता था। अभी कार्लसन के 5.5 और आनंद के 4.5 अंक हैं। कार्लसन को 12 बाजियों के मुकाबले में अगली बाजी सफेद मोहरों से खेलनी है। आज विश्राम का दिन है। सफेद मोहरों से खेल रहे आनंद ने फिर से कोशिश की लेकिन वह जीत दर्ज नहीं कर पाये। उन्होंने शुरू से ही आक्रामक रवैया अपनाया लेकिन कार्लसन भी पूरी तैयारियों के साथ उतरे थे। कार्लसन ने ग्रुनफेल्ड डिफेन्स अपनाया जिससे थोड़ी हैरानी हुई। इससे भारतीय खिलाड़ी को अपनी शुरूआत को लेकर सोचना पड़ा। बाजी आगे बढ़ने के साथ कार्लसन ने कुछ अच्छी चालें चली। आनंद के मुकाबले वह तेजी से चाल चल रहे थे। आखिर में 32वीं चाल में दोनों खिलाड़ी अंक बांटने पर सहमत हो गये। पूर्व महिला विश्व चैंपियन सुसैन पोल्गर ने इस बाजी के बारे में ट्वीट किया, ‘दुर्भाग्य से आनंद के पास जब मौका था तब उन्होंने अपनी स्थिति मजबूत नहीं की। इससे मैगनस को बराबरी पर आने का मौका मिल गया।’

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।