पीएम मोदी की बीजेपी सांसदों को सख्‍त हिदायत- लक्ष्‍मण रेखा को न लांघें
(DELHI, India) पीएम मोदी ने मंगलवार को बीजेपी संसदीय दल की बैठक में पार्टी नेताओं के विवादित बयानों को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की है। जानकारी के अनुसार, उन्‍होंने पार्टी सांसदों और नेताओं को सख्‍त हिदायत दी है कि वे लक्ष्‍मण रेखा को न लांघें। साथ ही यह हिदायत भी दी है कि पार्टी नेता बेवजह की बयानबाजी से बचें। इसके बदले वे विकास के मुद्दे पर ध्‍यान केंद्रित करें। साथ ही, पीएम ने उन सांसदों को भी सख्‍त चेतावनी दी है, जो संसद या पार्टी बैठकों में देर से पहुंचते हैं। आज भी कई सांसद और मंत्री संसदीय दल की बैठक में देरी से पहुंचे। गौर हो कि बीते दिनों कई सांसदों के विवादित बयानों की वजह से आए दिन संसद में विरोध का सामना करना पड़ रहा है और सरकार के सामने मुश्किलें खड़ी हो रही हैं। एक मौके पर खुद पीएम को संसद में आकर खेद जताना पड़ा है। ज्ञात हो कि पिछली बार संसदीय दल की बैठक में भी पीएम मोदी ने सांसदों को नसीहत दी थी कि मीडिया और जनता के सामने कोई भी सांसद विवादित बयान ना दें। गौरतलब है कि हाल के दिनों में कई मौकों पर बीजेपी के सांसदों के बयान की वजह से खासा बवाल मचा। पहले साध्वी निरंजन ज्योति के बयान को लेकर खासा हंगामा हुआ और बाद में खुद पीएम को सदन में आकर सफाई देनी पड़ी थी। वहीं, बाद में साक्षी महाराज ने गोडसे को देशभक्त बताकर एक बार फिर सरकार की फजीहत करा दी। जिसके बाद विपक्षी दलों ने संसद में जमकर हंगामा किया। विवादित बयानों के तूल पकड़ने के बाद निरंजन ज्‍योति को संसद में अपने बयानों को लेकर खेद जताना पड़ा और वहीं, साक्षी महाराज को भी लोकसभा में अपना बयान वापस लेने के लिए मजबूर होना पड़ा।

Digital Desk: Shiv Kishor

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।