पेशावर स्कूल पर आतंकी हमले का जिम्मेदार पाकिस्तान खुद: बाबा रामदेव
(Chhata, Mathura) यहां मसानी चौराह के निकट स्थित वेद मंदिर परिसर में अपने गुरूभाई आचार्य स्वदेश द्वारा स्थापित यज्ञशाला एवं गौशाला का लोकार्पण करने आए रामदेव ने आतंकवादी संगठन तालिबान द्वारा कल पेशावर में स्थित आर्मी स्कूल में अंजाम दी गई घटना की निंदा करते हुए कहा कि यह उनकी कायराना हरकत है। उन्होंने कहा कि अब सारी दुनिया को एकजुट होकर आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई लड़ने की जरूरत है, फिर चाहे वह घटना किसी भी देश में क्यों न घटे। चाहे वह कोई भी आतंकी संगठन हो, किसी के भी खिलाफ नरमी नहीं बरती जानी चाहिए।
उन्होंने इस घटना में मारे गए स्कूली बच्चों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की। उन्होंने कहा कि उन्हें इतनी बड़ी संख्या में बच्चों को मारे जाने का बहुत दुख है और उनके परिजनों के साथ भी उन्हें बेहद हमदर्दी है। ईश्वर उन्हें यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करे। उन्होंने धर्मांतरण के मुद्दे पर पूछे गए सवाल के जवाब में दावा किया कि भारत में रहने वाले सभी धर्मों के लोग मूलत: हिन्दू ही हैं। सभी के पूर्वज हिन्दू ही थे। कुछ लोगों का गुलामी के दौरान धर्म परिवर्तन करा दिया गया तो अन्य धर्मों को मानने वाले बन गए। उन्होंने कहा, ‘वेद दुनिया की सबसे प्राचीन पुस्तक है। यदि सभी धर्म वेदों की ओर लौटें तो सब कुछ अपने आप ठीक हो जाएगा। फिर यह मसला ही नहीं रहेगा।’ काले धन के सवाल पर उनका कहना था कि उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर पूरा भरोसा है। वह दुनिया में जमा देश का एक-एक रुपया जरूर वापस लेकर आएंगे।

Digital Desk: Shiv Kishor

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।