लखवी की रिहाई समूची मानवता के लिए सदमा, पाकिस्‍तान ने आतंकवाद से लड़ने की प्रतिबद्धता का बनाया मजाक: भारत
(DELHI, India) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुंबई आतंकी हमले के षड्यंत्रकारी जकीउर रहमान लखवी को पाकिस्तान में जमानत दिए जाने की शुक्रवार को कड़ी निंदा करते हुए कहा कि इस पड़ोसी देश ने अपने यहां आतंकियों के हाथों 132 मासूम बच्चों की निर्मम हत्या किए जाने के दो दिन बाद ही यह कदम उठा कर समूची मानवता को सदमा पहुंचाने वाला कृत्य किया है। लखवी को जमानत पर भारत ने कहा कि पाकिस्तान ने आतंकवाद से लड़ने को लेकर अपनी प्रतिबद्धता का मजाक बना दिया है। मोदी ने लोकसभा में इस मुद्दे पर दिए गए एक बयान में कहा कि लखवी को जमानत दिए जाने के तुरंत बाद भारत सरकार ने पाकिस्तान को कड़े से कड़े शब्दों में अपनी भावना से अवगत करा दिया है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान से अपेक्षा थी कि अभी अभी दो दिन पहले ही उसके यहां बच्चों की निर्मम हत्या की जो भयावह घटना घटी है, और बच्चों का जो भयावह संहार हुआ है, उससे पकिस्तान को जितनी पीड़ा हुई, उससे भारत को रत्ती भर भी कम पीड़ा नहीं हुई। हमारे देश के हर बच्चे, हर मां की आंख में आंसू थे। मोदी ने कहा कि लेकिन उसके तुरंत बाद पाकिस्तान का यह रवैया, यह समूची मानवता को सदमा पहुंचाने वाला है। प्रधानमंत्री ने कहा कि पाकिस्तान को इस बारे में उचित शब्दों में भारत की भावना पहुंचा दी गई है। उन्होंने कहा कि सदन ने लखवी को पाकिस्तान में जमानत पर रिहा करने के बारे में एक स्वर में जो चिंता जताई है और निंदा की है, सरकार की भावना सदन की भावना के अनुरुप रहेगी। वहीं, विदेश मंत्री सुषमा स्‍वराज ने भी लोकसभा में आज एक बयान में कहा कि पाकिस्‍तान सरकार के इस तर्क को भारत कभी स्‍वीकार नहीं कर सकता कि लखवी के खिलाफ कोई सबूत नहीं थे। सुषमा ने कहा कि हम यह बात पूरी निश्चितता के साथ कह सकते हैं कि मुंबई हमलों की साजिश पाकिस्‍तान में रची गई और 99 फीसदी सबूत भी पाकिस्‍तान में ही हैं। उनकी एजेंसियों के पास इन सबूतों को एकत्रित करने के लिए बीते 6 साल का समय था। लखवी को जमानत देकर पाकिस्तान ने आतंकवाद से लड़ने को लेकर अपनी प्रतिबद्धता का मजाक बना दिया है। हम पाकिस्‍तान से इस बात की मांग करते हैं कि इस निर्णय को तुरंत बदला जाए।

Digital Desk: Shiv Kishor

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।