(India)
डीवाई पाटिल स्टेडियम में तेज गति से खेला गया खिताबी मुकाबला जब अतिरिक्त समय की तरफ बढ़ता दिखाई दे रहा था कि रफीक ने 90वें मिनट में मैच विजयी गोल दाग दिया। क्रिकेट के बादशाह सचिन तेंदुलकर और 'बंगाल टाइगर' सौरभ गांगुली अपनी-अपनी टीमों का उत्साह बढ़ाने के लिए स्टेडियम में मौजूद थे। फाइनल शुरू होने से पहले रंगारंग समापन समारोह हुआ जिसमें तेज संगीत, भव्य रोशनी, एक्रोबेटिक्स और स्टंट ने दर्शकों का मन मोह लिया। अब बारी थी फुटबॉल की और दोनों ही टीमों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया, लेकिन दोनों हॉफ में दोनों टीमें एक अदद गोल के लिए तरसती रहीं। दोनों गोलकीपरों ने कई शानदार बचाव किए। मैच आखिरी मिनट में प्रवेश कर चुका था। पोडी ने पोस्ट के पास बेहतरीन क्रास फेंका और रफीक ने मौका ताड़ते हुए बेहतरीन हैडर लगाकर गोलकीपर डेविड जेम्स को परास्त कर दिया। रफीक का हैडर जैसे ही गोल के बाएं कार्नर में समाया, कोलकाता के तमाम खिलाड़ियों ने जश्न में रफीक को घेर लिया। गांगुली भी अपनी जगह पर उछल पड़े। कोलकाता को टूर्नामेंट शुरू होने से पहले खिताब का प्रबल दावेदार माना जा रहा था और आखिर यही टीम चैम्पियन बन गई। आईएसएल में विदेशी खिलाड़ियों के दबदबे की काफी बातें की जाती रहीं, लेकिन खिताब का फैसला करने वाला गोल करने का श्रेय भारतीय फॉरवर्ड मोहम्मद रफीक को गया। कोलकाता के खिलाड़ियों ने जीत के बाद जमकर जश्न मनाया। रफीक को हीरो ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।