जम्मू-कश्मीर में सरकार गठन पर भाजपा में मंथन
(India)
जम्मू-कश्मीर में त्रिशंकु विधानसभा के बाद सरकार गठन के लिए हलचल तेज हो गई है। विधानसभा चुनावों के नतीजों के ठीक बाद दिल्ली में मंगलवार शाम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीजेपी की कोर कमिटी की अहम बैठक हुई। इस बैठक में बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, सुषमा स्वराज और अरुण जेटली मौजूद थे। सूत्रों के मुताबिक इस बैठक में जम्मू कश्मीर में सरकार बनाने के विकल्पों पर गहन मंथन हुआ। सूत्रों के मुताबिक जम्मू-कश्मीर में सरकार बनाने के लिए बीजेपी 2 विकल्पों पर विचार कर रही है। पहला फॉर्म्युला नैशनल कॉन्फ्रेंस के साथ मिलकर सरकार (25 बीजेपी़ 2 पीपल्स कॉन्फ्रेंस़ 15 नैशनल कॉन्फ्रेंस़ 2 निर्दलीय) बनाने का है। इस स्थिति में बीजेपी को 2 निर्दलीयों की और जरूरत होगी, जिनका उन्हें समर्थन मिलने की पूरी संभावना है। नैशनल कॉन्फ्रेंस से डील के तहत उमर अब्दुल्ला को राज्यसभा लाकर केंद्रीय मंत्री बनाया जा सकता है। ऐसी स्थिति में मुख्यमंत्री पद बीजेपी का हो जाएगा। गौरतलब है कि नैशनल कॉन्फ्रेंस ने अभी तक अपने सारे विकल्प खुले ही रखे है। दूसरा फॉर्म्युला पीडीपी के साथ सरकार बनाने का है। यह डील दोनों पार्टियों के बीच सीएम पद 3-3 साल बांटने के आधार पर हो सकती है। लेकिन, सूत्रों के मुताबिक बीजेपी पूरे 6 साल तक सीएम पद चाहती है, ऐसे में वह इस स्थिति से बचना चाहती है। बीजेपी के वरिष्ठ नेता राम माधव सरकार गठन की संभावनाएं तलाशने के लिए बुधवार को जम्मू जाएंगे।

Digital Desk: Kamal

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।