झारखंड में बीजेपी विधायक दल की बैठक आज
(India) बीजेपी विधायक दल झारखंड में अपनी सरकार बनाने के लिए दावा पेश करने से पहले नए नेता के चयन के लिए आज बैठक करेगा। झारखंड की यह 10वीं और बीजेपी की 5वीं सरकार होगी। पार्टी के विधायक दल की बैठक सुबह करीब 11 बजे शुरू होगी। पार्टी बीजेपी पर्यवेक्षक जेपी नड्डा और विनय सहस्त्रबुद्धे के अलावा झारखंड में बीजेपी प्रभारी त्रिवेन्द्र सिंह रावत, प्रदेश इकाई के अध्यक्ष रविन्द्र राय और पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा भी बैठक में शरीक होंगे। उन्होंने कहा कि बैठक के बाद और नव निर्वाचित विधायकों के साथ और परामर्श करने के बाद पर्यवेक्षक पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व को जानकारी देंगे।इस बीच मुख्यमंत्री पद के लिए अग्रिम पंक्ति में शामिल नेताओं में रघुवर दास ने कहा है कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का फैसला सबको स्वीकार्य होगा। बीजेपी उपाध्यक्ष दास ने कहा कि शीर्ष नेतृत्व का विचार सबको मान्य होगा।इस सवाल के जवाब में सरयू रॉय ने भी कहा, यह फैसला किया गया था कि झारखंड चुनाव भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में होगा। आलाकमान जो भी फैसला लेगा वह सभी को स्वीकार्य होगा। यदि पार्टी किसी गैर आदिवासी को चुनती है तो राज्य में ऐसा पहली बार होगा, यहां अब तक सिर्फ आदिवासी ही मुख्यमंत्री बने हैं।

Digital Desk: Kamal

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।