जनवरी में होगा जनता परिवार की छह पार्टियों का विलय
(India)
केंद्र की सत्ता पर काबिज भारतीय जनता पार्टी से मुकाबले के लिए जनता दल परिवार की छह पार्टियों का जनवरी में विलय हो जाएगा। जद यू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने कहा कि झारखंड में आए चुनाव परिणाम के बाद भाजपा के विजय रथ को रोकने के लिए अगले साल होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव के पहले छह पार्टियों का जनवरी में विलय हो जाएगा। उन्होंने कहा कि बिहार तथा राष्ट्रीय स्तर पर एक नई पार्टी का गठन होगा। राजद नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी ने कहा, बिहार विधानसभा चुनाव के पहले भाजपा से मुकाबले के लिए पार्टियों का विलय समय की मांग है। उन्होंने कहा कि छह पार्टियां विलय के बाद संयुक्त अभियान की शुरूआत करेगी। वहीं राजद प्रमुख लालू प्रसाद ने कहा कि वह और नीतीश कुमार देशभर में गैर भाजपा दलों को एकजुट होने का मजबूत संदेश देना चाहते हैं, ताकि देश की सर्वधर्म समभाव वाली छवि कायम रह पाए। दुनिया में भारत की प्रतिष्ठा सभी धर्मो को साथ लेकर चलने की है। मौजूदा समय में देश की छवि धर्मातरण और दंगों वाले देश के रूप में बन रही है, जो चिंता का विषय है।

Digital Desk: Kamal

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।