जम्मू-कश्मीर में सरकार गठन: राज्यपाल से मिले बीजेपी नेता राम माधव
(JAMMUandKASHMIR, India) जानकारी के अनुसार, बीजेपी नेता राम माधव आज सुबह जम्‍मू कश्‍मीर के गवर्नर से मिलने पहुंचे। सूत्रों के अनुसार, सरकार बनाने को लेकर गवर्नर से बातचीत हुई है। गौर हो कि राम माधव जेएंडके बीजेपी के प्रभारी भी हैं। वहीं, पीडीपी नेता महबूबा मुफ्ती बुधवार को गवर्नर से मिलने जा सकती हैं। इससे पहले, भाजपा ने कहा था कि जम्मू कश्मीर में सरकार गठन पर अन्य दलों के साथ बातचीत जारी है। भाजपा महासचिव राम माधव ने यहां संवाददाताओं से कहा था कि हमें जम्मू कश्मीर में महत्वपूर्ण जनादेश मिला है। हम सरकार गठन (प्रक्रिया) में शामिल होंगे। बातचीत चल रही है। देखते हैं कि क्या होता है। हालांकि उन्होंने यह खुलासा नहीं किया कि बातचीत किसके साथ चल रही है। राजनीतिक हलके में अटकल है कि अगर भाजपा का पीडीपी के साथ समझौता नहीं हो पाता है तो भाजपा एक जनवरी तक 30 विधायकों की सूची राज्यपाल को सौंपकर यह दिखा सकती है कि उसके पास पीडीपी से दो अधिक विधायकों का समर्थन है और ऐसे में राज्यपाल द्वारा सरकार गठन के लिए पहले पीडीपी को बुलाने की संभावनाएं क्षीण हो जाएंगी। ऐसी स्थिति में, पीडीपी नेशनल कांफ्रेंस और कांग्रेस सहित कम से कम 55 विधायकों का समर्थन पेश कर सकती है। भाजपा ने कहा कि वह सरकार बनाने की प्रक्रिया में शामिल है। उन्होंने कहा कि वह किसी तरह से एक स्थिर सरकार के गठन का रास्ता खोजना चाहते हैं। किसी शर्त पर चर्चा नहीं हो रही है। माधव ने कहा था कि सर्वश्रेष्ठ गठजोड़ राज्य में स्थिर सरकार का होना होगा। हम यह खोजने का प्रयास करेंगे कि सर्वश्रेष्ठ गठजोड़ क्या होगा। भाजपा को राज्य में बहुत महत्वपूर्ण जनादेश मिला है और उसने सर्वाधिक वोट तथा दूसरी सर्वाधिक सीटें हासिल की हैं।

Digital Desk: Shiv Kishor

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।