महेन्द्र सिंह धोनी ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लिया
(India) टीम इंडिया के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने मंगलवार को टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया। सूत्रों ने बताया कि भारतीय क्रिकेट टीम के ऑस्ट्रलिया दौरे पर खराब प्रदर्शन के बाद धोनी ने यहा कड़ा फैसला लिया। वहीं, बीसीसीआई ने भी धोनी के संन्यास लेने की पुष्टि कर दी है। गौर हो कि धोनी ने संन्‍यास का यह फैसला मेलबर्न में भारत और ऑस्‍ट्रेलिया के बीच खेले गए तीसरे टेस्‍ट के तुरंत बाद लिया। इस बीच, भारत-आस्ट्रेलिया के बीच खेले जा रहे टेस्ट सीरीज के तहत बाकी बचे एक मैच में विराट कोहली कप्तानी करेंगे। धोनी ने दिसंबर 2005 में टेस्ट क्रिकेट खेलना शुरु किया था। वे अब तक टेस्ट क्रिकेट में 6 शतक बनाए हैं। बीसीसीआई ने एक बयान में कहा, भारत के महानतम टेस्ट कप्तानों में से एक महेंद्र सिंह धोनी जिसके नेतृत्व में भारत टेस्ट रैंकिंग में नंबर एक बना, ने क्रिकेट के सभी प्रारूपों में खेलने के दबाव का हवाला देकर टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला किया है। बयान के अनुसार, महेंद्र सिंह धोनी ने वनडे और टी20 प्रारूपों पर ध्यान लेने के लिए तुरंत प्रभाव से टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला किया है। टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के महेंद्र सिंह धोनी के फैसले का सम्मान करते हुए बीसीसीआई टेस्ट क्रिकेट में उनके योगदान और भारत को दिलाए गौरवपूर्ण लम्हों के लिए उन्हें धन्यवाद देता है। संन्यास लेने से ठीक पहले भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने तीसरे टेस्ट के ड्रॉ होने के साथ बोर्डर गावस्कर ट्रॉफी गंवाने के बाद कहा कि उनकी टीम पहले से ही मुश्किल दौरे पर खुद को परेशान करने के तरीके ढूंढ रही है। ऑस्ट्रेलिया के 384 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने जब एमसीजी पर छह विकेट पर 174 रन बनाए थे तब दोनों कप्तान मैच ड्रा कराने को राजी हो गए। ऑस्ट्रेलिया ने इसके साथ दोबारा बोर्डर गावस्कर ट्रॉफी जीत ली और धोनी ने कहा कि इस नतीजे के लिए वे खुद ही जिम्मेदार हैं। धोनी ने मैच के बाद कहा, हमने खुद को परेशान करने के तरीके ढूंढ लिए हैं। अब तक सभी टेस्ट मैचों में मुझे लगता है कि हमने अच्छी साझेदारी की और फिर अचानक कुछ विकेट गंवाए और अपने ऊपर दबाव बना लिया।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।