(India)
1 जनवरी 1941 को जयपुर में जन्में गोवद्धन असरानी बचपन से ही अभिनेता बनने का ख्वाब देखा करते थे। वर्ष 1963 में अभिनेता बनने का सपना लिए असरानी मुंबई आ गए, जहां उनकी मुलाकात किशोर साहू और ऋषिकेष मुखर्जी जैसे फिल्मकारो से हुई। जिनके कहने पर असरानी ने फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ पुणे में दाखिला ले लिया। वर्ष 1996 में पुणे से अभिनय की पढ़ाई पूरी करने के बाद असरानी मुंबई आ गए। असरानी ने अपने सिने करियर की शुरूआत वर्ष 1967 में प्रदर्शित फिल्म "हरे कांच की चूडिया" से की। इन सबके बीच असरानी ने कुछ गुजराती फिल्मों में भी काम किया। वर्ष 1971 में प्रदर्शित फिल्म "मेरे अपने" के जरिए असरानी कुछ हद तक नोटिस किए गए। वर्ष 1973 में प्रदर्शित फिल्म "अभिमान" के जरिए असरानी फिल्म इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाने में कामयाब हो गए। ऋषिकेष मुखर्जी के निर्देशन में बनी फिल्म "अभिमान" में असरानी ने अमिताभ बच्चन के दोस्त की भूमिका निभाई थी। इस फिल्म में अपने दमदार अभिनय के लिए असरानी सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता के फिल्म फेयर पुरस्कार के लिए नामांकित भी किए गए। वर्ष 1975 में प्रदर्शित फिल्म "शोले" असरानी के सिने करियर के लिए मील का पत्थर साबित हुई। रमेश सिप्पी के निर्देशन में बनी फिल्म "शोले" में असरानी ने एक जेलर की भूमिका निभाई थी। इस फिल्म में असरानी का बोला गया यह संवाद "हम अंग्रेजो के जमाने के जेलर है" आज भी सिनेप्रेमी नहीं भूल पाए है। वर्ष 1977 में प्रदर्शित फिल्म "चला मुरारी हीरो बनने" के जरिए असरानी ने फिल्म निर्देशन के क्षेत्र में भी कदम रखा। इस फिल्म में असरानी ने मुख्य अभिनेता की भूमिका निभाई थी। फिल्म में असरानी के अपोजिट बिंदिया गोस्वामी थी। कॉमेडी से भरपूर इस फिल्म को दर्शको ने बेहद पसंद किया था। फिल्म की सफलता के बाद असरानी ने "सलाम मेमसाब", "हम नहीं सुधरेंगे", "दिल ही तो है" और "उड़ान" जैसी फिल्मों का निर्देशन किया। असरानी को अपने सिने करियर में दो बार सर्वश्रेष्ठ हास्य कलाकार के फिल्म फेयर पुरस्कार से सम्मानित किया गया। असरानी ने अपने दौर के सभी दिग्गज कलकारो के साथ काम किया। असरानी ने सुपरस्टार राजेश खन्ना के साथ 25 फिल्मों में काम किया। बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन के साथ भी असरानी ने कई फिल्मों में काम किया। उन्होंने अपने सिने करियर में लगभग 400 फिल्मों में अपने अभिनय का जौहर दिखाया है। असरानी आज भी उसी जोशो-खरोश के साथ फिल्म इंडस्ट्री में सक्रिय है।
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।