कठुआ में आतंकियों ने फिर की घुसपैठ की कोशिश, बीएसएफ ने किया नाकाम
(JAMMUandKASHMIR, India) ये उग्रवादी सीमा पार से हो रही गोलीबारी और घने कोहरे की आड़ में भारतीय क्षेत्र में घुसने का प्रयास कर रहे थे। बीएसएफ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को बताया कि बीती रात कठुआ जिले के पल्लिया इलाके में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर चिलयारी-खोड़ा क्षेत्र के उग्रवादियों के एक समूह की गतिविधि दिखी। उन्होंने बताया कि बीएसएफ के सतर्क जवानों ने गोलीबारी कर घुसपैठ के प्रयास को विफल कर दिया। अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तानी सैनिकों की ओर से की जाने वाली गोलीबारी और घने कोहरे की आड़ में एक हफ्ते के भीतर उग्रवादियों की ओर से घुसपैठ का यह पांचवां प्रयास था। बीएसएफ ने कल कहा था कि घुसपैठ के लिए सीमा पार बड़ी संख्या में उग्रवादी इंतजार कर रहे हैं। नववर्ष की पूर्व संध्या से लेकर अब तक इस तरह घुसपैठ की चार कोशिशों को नाकाम किया जा चुका है। बल के महानिदेशक डीके पाठक ने कल स्थिति का आकलन करने के लिए सांबा और कठुआ के सीमावर्ती क्षेत्रों का दौरा किया था।

Digital Desk: Shiv Kishor

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।