पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में आज नामांकन का आखिरी दिन
(Amber, Jaipur) पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में आज नामांकन का आखिरी दिन है ।अंतिम दिन भाजपा और कांग्रेस जिला परिषद सदस्य के अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा करने के बजाय सीधे उनके सिम्बल जमा कराएगी। दोनों दलों ने उम्मीदवारों की सूची तैयार कर ली है। आज दोनों दल निर्वाचन अधिकारी को अधिकृत प्रत्याशियों की सूची और सिम्बल सौंपेंगे। दूसरे चरण के जिला परिषद सदस्य चुनाव के उम्मीदवारों को तय करने में दोनों दलों को मशक्कत करनी पड़ रही है। कई वार्डो में 2-2, 3-3 दावेदार हैं। इनमें से दावेदारी को नकार कर स्थानीय नेता विरोध मोल नहीं लेना चाहते। दोनों दलों की ओर से पिछली गलतियों से सबक लेते हुए सभी संभावित उम्मीदवारों को पर्चा भरने के निर्देश दिए गए हैं। इनमें से कई संभावितों ने शनिवार को पर्चे भरे। कुछ सोमवार को दावेदारी जताएंगे। दरअसल, पहले चरण के चुनाव में कांग्रेस की एक प्रत्याशी पर्चा भरने से रह गई और पार्टी की उम्मीदों को झटका लगा था। वहीं, भाजपा भी अंतिम समय में प्रत्याशी के मुकरने से मुश्किलों में आ गई थी। हालांकि आनन-फानन में दूसरे दावेदार को सिम्बल देकर मैदान में उतारा गया।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।