(DELHI, India)
मुख्य चुनाव आयुक्त वी एस संपत ने चुनाव की तारीखों का ऐलान करते हुए कहा कि दिल्ली में मतदान सात फरवरी को होगा। 10 फरवरी को मतगणना होगी। 12 फरवरी से पहले नई सरकार का गठन होना है। संपत ने कहा कि दिल्ली में पूरी तरह निष्पक्ष चुनाव कराए जाएंगे। इस चुनाव में नोटा का भी विकल्प होगा जिसे वोटर इस्तेमाल कर सकेंगे। इसके साथ ही सोमवार यानी 12 जनवरी से चुनावी आचार संहिता लागू हो गई है। नामांकन की प्रक्रिया 14 से 21 जनवरी तक होगी। 14 जनवरी को चुनावी अधिसूचना जारी होगी। 21 जनवरी को पर्चा दाखिल करने का आखिरी दिन होगा। चुनाव आयोग ने कहा कि दिल्ली में 1 करोड़ 30 लाख वोटर है जो इस बार के चुनाव में वोट डाल सकेंगे। दिल्ली में 11 हजार से ज्यादा पोलिंग स्टेशनों पर चुनाव होंगे। दिल्ली में 11763 पोलिंग स्टेशन है। वोटिंग के लिए ईवीएम मशीनों का इस्तेमाल किया जाएगा। विकलागों के लिए अलग से वोट डालने का इंतजाम होगा। फोटो आई कार्ड के बगैर वोड नहीं डाला जा सकेगा। दिल्ली की 70 में से 12 सीटें आरक्षित है। चुनाव आयोग के मुताबिक दिल्ली में 15 फरवरी से पहले चुनाव की प्रक्रिया पूरी होनी है। इस बार के चुनाव में एसएमएस के जरिए मतदाता के पोलिंग स्टेशन की जानकारी दी जाएगी। गौर हो कि वर्ष 2013 में दिल्ली में हुए चुनावों में किसी पार्टी को बहुमत नहीं मिला था। कांग्रेस के सहयोग से अरविंद केजरीवाल ने राज्य में सरकार बनाई थी। हालांकि 49 दिन के बाद ही केजरीवाल ने फरवरी 2014 में इस्तीफा दे दिया था। पिछले साल चार सितंबर को विधानसभा भंग हुई थी।
Digital Desk: Shiv Kishor
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।