BJP की सीएम उम्मीदवार हो सकती हैं किरण बेदी?
(DELHI, India) भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुईं किरण बेदी दिल्ली सीएम पद के लिए पार्टी की उम्मीदवार हो सकती हैं. बीजेपी अध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने कहा कि दिल्ली चुनाव में किरण बेदी की बड़ी भूमिका होगी. उनके आने से पार्टी मजबूत हुई है.भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने के बाद आज तक को दिए इंटरव्यू में किरण बेदी ने कहा कि वह दिल्ली को वर्ल्ड क्लास सिटी बनाने का सपना देखती हैं. उन्होंने उम्मीद जताई कि इस बार दिल्ली में बीजेपी की ही सरकार बनेगी. उन्होंने कहा कि अब दिल्ली को मोदी के साथ चलना चाहिए. हालांकि इस इंटरव्यू में किरण बेदी ने अरविंद केजरीवाल पर राजनीतिक टिप्पणी करने से इनकार कर दिया.दिल्ली में बीजेपी सरकार के सवाल पर किरण बेदी ने कहा, 'दिल्ली में बीजेपी सरकार जरूर बनाएगी. दिल्ली को चाहिए स्थिर और स्वच्छ सरकार. जो हर किसी के लिए काम करे. जो अच्छा प्रशासन दे, जो हर का ख्याल रखे. आज दिल्ली को साझेदारी की जरूरत है, गतिरोध की नहीं. दिल्ली को वर्ल्ड क्लास सिटी बनाना है पर हम बहुत सारे मायनों में केंद्र सरकार पर निर्भर हैं. दिल्ली एक महंगा शहर है, उसके फंड के लिए केंद्र की मदद की जरूरत होती है. इसलिए केंद्र के साथ साझेदारी अहम है. दिल्ली पुलिस को सैलरी देने की बात हो या फिर यमुना नदी की सफाई की, ये काम केंद्र के मातहत हैं. और बीजेपी ही ऐसी सरकार दे पाएगी, जो भ्रष्टाचार से मुक्त होगी. पर उसके लिए बहुमत चाहिए, ताकि स्थिरता बनी रहे.'




Digital Desk: Shiv Kishor

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।