(DELHI, India)
आम आदमी पार्टी के संरक्षक शांति भूषण ने बीजेपी की सीएम कैंडिडेट किरण बेदी की तारीफ की है. उन्होंने अंग्रेजी अखबार 'इकनॉमिक टाइम्स' से बातचीत में कहा कि किरण बेदी उतनी ही बेहतर सीएम कैंडिडेट हैं, जितने कि केजरीवाल. शांति भूषण ने कहा, 'किरण बेदी को सीएम कैंडिडेट बनाना बीजेपी का मास्टरस्ट्रोक है.'दूसरी ओर प्रशांत भूषण ने अपने पिता की बात से अहसहमति जताते हुए कहा कि किरण बेदी अवसरवादी हैं. उन्होंने एएनआई से बात करते हुए ऑफ कैमरा यह बात कही.शांति भूषण ने कहा, 'मैं किरण को अच्छी तरह जानता हूं. अगर वह दिल्ली की मुख्यमंत्री बनती हैं तो दिल्ली को बेहद ईमानदार सरकार देंगी. अगर वह जीतती हैं और सरकार बनाती हैं तो लोग खुश होंगे.' हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि अगर वह किरण बेदी की तारीफ कर रहे हैं, तो इसका मतलब यह नहीं है कि उन्हें बीजेपी पसंद है.भूषण ने कहा कि बीजेपी का एजेंडा सांप्रदायिक है, इसलिए वह उनका विरोध करते हैं. उन्होंने किरण बेदी को सेक्युलर और ईमानदार बताते हुए कहा कि अगर वह आप की तरफ से मुख्यमंत्री बनतीं तो ज्यादा अच्छा होता.अन्ना हजारे का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उनके आंदोलन का हिस्सा रहा कोई एक शख्स अब दिल्ली का सीएम बनने वाला है, इस बात से उन्हें खुश होना चाहिए. शांति भूषण आम आदमी पार्टी के संस्थापक सदस्यों में एक हैं. उनके बेटे प्रशांत भूषण अब भी पार्टी के सक्रिय सदस्य हैं.
Digital Desk: Shiv Kishor
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।