दिल्ली फतह कर बिहार पहुंचेगा मोदी का 'विजय रथ': अमित शाह
(BIHAR, India) दिल्ली विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज करने के लिए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) एड़ी चोटी का जोर लगाए हुए है. पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने दावा किया है कि दिल्ली के बाद नरेंद्र मोदी का रथ बिहार पहुंचेगा और फतह हासिल करके बंगाल की ओर बढ़ जाएगा.पटना में कर्पूरी जयंती के मौके पर पहुंचे अमित शाह ने बीजेपी कार्यकर्ताओं से अगले विधानचुनाव में अकेले 185 सीटें दिलाने और बीजेपी सरकार बनाने का आह्वान किया. शाह ने पटना की रैली में साफ कर दिया कि मुख्यमंत्री बीजेपी का ही होगा क्योंकि नीतीश कुमार को मुख्यंमत्री बनाने का पिछला अनुभव और उन्हें बड़ा भाई मानने का नुकसान, पार्टी को सरकार गंवाकर चुकाना पड़ा.शाह ने कहा कि उनकी पार्टी ने नीतीश कुमार की मुख्यमंत्री बनने की इच्छा का सम्मान किया था लेकिन वो अंहकार में बीजेपी की ताकत को भूल गए और गठबंधन तोड़ दिया. बिहार विधानचुनाव में अभी 10 महीने का समय बचा है, लेकिन शाह ने कर्पूरी जयंती के बहाने बिहार में चुनावी शंखनाद कर दिया और पार्टी को चुनावी मोड में ले आए. बिहार में शाह के निशाने पर सीधे-सीधे नीतीश कुमार रहे. उन्होंने नीतीश कुमार पर अंहकार में और प्रधानमंत्री पद की महत्वकांक्षा में बीजेपी से नाता तोड़ने का आरोप लगाया.शाह ने कहा कि बिहार के पूर्व सीएम ने अपने अहंकार में बीजेपी के पीठ में छुरा घोंपकर लोगों के साथ विश्वासघात किया और जब जनता ने नीतीश को लोकसभा चुनाव में उनकी हैसियत बता दी तब वो उसी लालू के साथ जा मिले जिसके खिलाफ उनका पूरा राजनीतिक जीवन रहा है. शाह ने कहा कि कर्पूरी के सपनों को बीजेपी ने पूरा किया क्योंकि बीजेपी ने ही एक पिछड़े वर्ग के शख्स नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाया.


Digital Desk: Shiv Kishor

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।