विजय कुमार ने लगाया दो स्वर्ण पर निशाना
(India)

ओलंपिक रजत पदक विजेता विजय कुमार ने राष्ट्रीय खेलों के तीसरे दिन मंगलवार को दो स्वर्ण पर निशाना लगाया, जबकि सर्विसेस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड (एसएससीबी) कुछ समय के लिए हरियाणा के बाद दूसरे स्थान पर खिसक गया था, लेकिन वह बाद में शीर्ष पर पहुंचने में सफल रहा। उसके नाम पर अब 25 पदक (16 स्वर्ण, 2 रजत और 7 कांस्य) दर्ज हैं। उसके बाद हरियाणा का नंबर आता है जिसके 24 पदक (15 स्वर्ण, 5 रजत और 4 कांस्य) हैं। महाराष्ट्र नौ स्वर्ण, 15 रजत और छह कांस्य (कुल 30 पदक) के साथ तीसरे स्थान पर है। पिछले साल एशियन गेम्स में टीम स्पर्धा का रजत जीतने वाले विजय शानदार फॉर्म में नजर आए और 25 मीटर सेंटर फायर पिस्टल स्पर्धा में सर्विसेस के लिए उन्होंने व्यक्तिगत और टीम स्पर्धा का स्वर्ण जीता। हिमाचल प्रदेश के अनुभवी निशानेबाज समरेश जंग ने रजत और सर्विसेस के ही पेम्बा तमांग का निशाना कांस्य पर लगा। पुरुषों की ट्रैप स्पर्धा में स्टार निशानेबाज मानवजीत सिंह संधू ने पंजाब के लिए स्वर्ण जीता, जबकि उत्तर प्रदेश के अनवर सुल्तान ने रजत पदक और उनके टीम के साथी अनिरुद्ध सिंह ने कांस्य जीता।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।