भारत के पांच बार के विश्व चैंपियन विश्वनाथन आनंद ने ग्रेंके शतरंज क्लासिक में अपना लगातार तीसरा ड्रॉ खेला। फ्रांस के एटिने बकरोट के साथ तीसरे दौर में अंक बांटने के कारण आनंद संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर खिसक गए हैं। पिछले दौर में जर्मनी के अर्कादिज नैडिश के खिलाफ अच्छी स्थिति में होने के बावजूद पूरा अंक हासिल करने में नाकाम रहे आनंद ने काले मोहरों से किसी तरह का जोखिम नहीं उठाया। उन्होंने बर्लिन डिफेंस अपनाया और बकरोट के खिलाफ जीत की कोशिश नहीं की। बकरोट भी ड्रॉ से संतुष्ट लग रहे थे। नैडिश ने टूर्नामेंट का सबसे बड़ा उलटफेर किया। उन्होंने नॉर्वे के विश्व चैंपियन मैग्नस कार्लसन को हराया। इस जीत से नैडिश ने इटली के फैबियानो कारूआना के साथ संयुक्त बढ़त हासिल कर ली है। कारूआना ने खराब फॉर्म में चल रहे आर्मेनिया के लेवोन आरोनियन को हराया। आठ खिलाडियों के राउंड रॉबिन टूर्नामेंट की अगली बाजी में इंग्लैंड के माइकल एडम्स ने जर्मन ग्रैंडमास्टर डेविड बारामिट्ज को हराकर अपनी पहली जीत दर्ज की। नैडिश और कारूआना के अब संभावित तीन में से दो-दो अंक हैं। आनंद, बकरोट, कार्लसन और एडम्स के समान 1.5 अंक हैं। आरोनियन और बारामिट्ज के एक-एक अंक हैं।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।