(India)
टीम इंडिया पिछले तीन महीनों में अपने ऑस्ट्रेलियाई दौरे पर अब तक एक भी मैच नहीं जीत सकी थी। न ही टेस्ट सीरीज में, न ही वनडे सीरीज में और फिर विश्व कप से पहले ऑस्ट्रेलिया ने भी अभ्यास मैच में 106 रनों करारी शिकस्त दे दी। टीम तो कमजोर थी ही, ऊपर से सबसे अनुभवी गेंदबाज इशांत शर्मा भी चोटिल होकर बाहर हो गए...लेकिन अफगानिस्तान के खिलाफ आज दूसरे अभ्यास मैच में टीम इंडिया को एक ऐसा झटका लगा जो विश्व कप में टीम के लिए सबसे बड़ी चिंता का विषय बन सकता है।हम बात कर रहे हैं टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली की। पिछले 4-5 सालों में वो वनडे टीम की जान रहे हैं, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज में भी उनका बल्ला जमकर बोला लेकिन विश्व कप करीब आते ही उनका बल्ला जैसे चुप सा हो गया है। आज अफगानिस्तान के खिलाफ वो महज 4 रन बनाकर आउट हो गए। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अभ्यास मैच की अर्धशतकीय पारी को छोड़ दें तो ओपनर शिखर धवन वैसे ही अपने फॉर्म से जूझ रहे हैं, दूसरे अभ्यास मैच में अफगानिस्तान के खिलाफ वो सिर्फ 5 रन बना सके। मिडिल ऑर्डर में कप्तान महेंद्र सिंह धौनी पहले अभ्यास मैच में शून्य पर आउट हुए और अफगानिस्तान के खिलाफ वो 10 रन ही बना सके। रवींद्र जडेजा से बड़ी पारियों की उम्मीद कैसे की जाए जब उनकी फिटनेस को लेकर अब भी संदेह की स्थिति बनी हुई है। सुरेश रैना में भी निरंतरता की कमी साफ दिख रही है। ऐसे में विराट के मौजूदा फॉर्म की स्थिति में रोहित और रहाणे जैसे बल्लेबाज कितनी बार बड़ी पारियां खेलकर संतुलन बनाएंगे ये एक बड़ी चिंता का विषय है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।