(India)
विश्व कप 2015 से पहले अपने दूसरे अभ्यास मैच में भारतीय टीम ने अफगानिस्तान के खिलाफ 153 रनों से जीत हासिल करके इस दौरे में ऑस्ट्रेलियाई जमीन पर पहली जीत दर्ज की। मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और रोहित शर्मा (150) के शतक, अजिंक्य रहाणे के धुआंधार नाबाद 88 रन और सुरेश रैना के 75 रन के दम पर 50 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 364 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में उतरी अफगानिस्तान की टीम ने 153 रनों से मैच तो गंवा दिया लेकिन फिर भी वो भारतीय गेंदबाजों को शर्मसार कर गए क्योंकि अफगानिस्तान के बल्लेबाजी क्रम को भी भारतीय गेंदबाज समेटने में असफल रहे। अफगानिस्तान ने क्रिकेट फैंस का दिल जीतते हुए पूरे 50 ओवर खेले और 8 विकेट के नुकसान पर 211 रन बनाए।मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने वाली भारतीय टीम को पहला झटका तीसरे ओवर की पहली गेंद पर लगा जब हामिद हसन ने शिखर धवन (4) को सस्ते में बोल्ड कर दिया। इसके बाद विराट कोहली (5) भी चौथे ओवर की अंतिम गेंद पर दवलत जदरान की गेंद पर विकेटकीपर अफसर जजई के हाथों कैच हो गए। 16 रनों के अंदर भारतीय टीम अपने दो अहम विकेट गंवा चुकी थी लेकिन इसके बाद रोहित शर्मा और सुरेश रैना ने मोर्चा संभाला।रोहित शर्मा और सुरेश रैना ने तीसरे विकेट के लिए 158 रनों की साझेदारी को अंजाम दिया। सुरेश रैना 71 गेंदों पर 75 रनों की पारी खेलकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में तीन छक्के और पांच चौके जड़े। उनके आउट होने के कुछ ही देर बाद रोहित शर्मा ने शतक जड़कर अपने फिट होने और फॉर्म में लौटने का संकेत दे दिया। रोहित ने इसके बाद भी अपनी धुआंधार बल्लेबाजी जारी रखी और वो 122 गेंदों पर 150 रन बनाकर आउट हुए। रोहित ने अपनी पारी में 12 चौके और 7 छक्के जड़े।पिछले अभ्यास मैच में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शून्य पर आउट होने वाले कप्तान महेंद्र सिंह धौनी इस बार 10 रन बनाकर ही आउट हो गए। उन्हें शपूर जदरान ने नवरोज मंगल के हाथों कैच कराया। हालांकि अजिंक्य रहाणे ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 61 गेंदों पर 88 रनों की नाबाद पारी खेली। रहाणे ने अपनी पारी में 2 छक्के और 12 चौके जड़े।
अफगानिस्तान की तरफ से ओपनर उस्मान घनी ने 44 रनों की पारी खेली जबकि नवरोज मंगल ने 85 गेंदों में 2 छक्कों और 2 चौकों की मदद से दिलेरी दिखाते हुए अर्धशतक जड़ा। नवरोज 60 रन बनाकर आउट हुए। उनके आउट होने के बाद अफगानिस्तान दोबारा रन गति को बढ़ा तो नहीं पाया लेकिन उसने जमकर भारतीय गेंदबाजों की परीक्षा ली। आलम ये रहा कि अफगानिस्तान 50 ओवर खेलने में सफल रहा और भारतीय गेंदबाज उनके 8 ही विकेट गिरा सके। भारत की तरफ से मोहित शर्मा और रवींद्र जडेजा ने 2-2 विकेट लिए जबकि उमेश यादव, सुरेश रैना और रविचंद्रन अश्विन ने 1-1 विकेट हासिल किया।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।