(India)
कप्तान ब्रैंडन मैकुलम और कोरी एंडरसन के आक्रामक अर्धशतकों की मदद से न्यूजीलैंड ने क्रिकेट विश्व कप के पहले मैच में आज यहां श्रीलंका के खिलाफ छह विकेट पर 331 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरे न्यूजीलैंड को मैकुलम (65) और मार्टिन गुप्टिल (49) की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 15.5 ओवर में 111 रन जोड़कर तूफानी शुरुआत दिलाई। केन विलियमसन ने 57 जबकि एंडरसन ने 75 रन की तेजतर्रार पारी खेली, जिससे न्यूजीलैंड की टीम हेग्ले पार्क की बल्लेबाजी की अनुकूल पिच पर बड़ा स्कोर बनाने में सफल रही।मैकुलम ने 49 गेंद की अपनी पारी में 10 चौके और एक छक्का जड़ा। कप्तान ने गुप्टिल के साथ मिलकर 10 ओवर में टीम का स्कोर बिना विकेट खोए 77 रन तक पहुंचाया। मैकुलम ने इस दौरान तेज गेंदबाज लसिथ मलिंगा के चौथे और पारी के आठवें ओवर में चार चौकों और एक छक्के की मदद से 23 रन बटोरे।चार ओवर के पहले स्पैल में मलिंगा ने 42 रन लुटाए जिसके बाद उन्हें गेंदबाजी से हटा दिया गया। मलिंगा काफी महंगे साबित हुए और उन्होंने मैच में 10 ओवर में 84 रन दिए जबकि उन्हें कोई विकेट नहीं मिला। वह हालांकि पारी के 47वें ओवर में दर्भाग्यशाली भी रहे जब उन्होंने सोचा कि उन्होंने ल्यूक रोंची को आउट कर दिया है लेकिन अंपायर ने इसे नो बॉल करार दिया।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।