स्टीवन स्मिथ ने पूरी टीम को दिया जीत का श्रेय
(GUJARAT, India) राजस्थान रायल्स के कप्तान स्टीवन स्मिथ ने आईपीएल आठ में मुंबई इंडियन्स को सात विकेट से हराकर जीत की हैट्रिक पूरी करने के बाद इसका श्रेय पूरी टीम को दिया। मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट पर 164 रन बनाए थे जिसके जवाब में रायल्स ने स्मिथ और अजिंक्य रहाणे की उम्दा पारियों की मदद से 19.1 ओवर में तीन विकेट पर 165 रन बनाकर तीन मैचों में तीसरी जीत दर्ज की।आईपीएल आठ में अब तक सबसे अधिक रन बनाने के लिए आरैंज कैप भी हासिल करने वाले स्मिथ ने कहा, ‘मुझे खुशी है कि मैंने आज अच्छा प्रदर्शन किया। हमने रन गति को 10 रन के आसपास रखने की कोशिश की थी और ऐसा करने में कामयाब भी रहे।’ उन्होंने कहा, ‘हमारी इस सफलता में पूरी टीम का योगदान है।’ दूसरी तरफ तीन मैचों में तीन हार से निराश मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा ने हार के लिए खराब शुरूआत को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा, ‘हमारी शुरूआती अच्छी नहीं रही। हमें मैच में वापसी दिलाने का श्रेय कीरोन पोलार्ड और कोरी एंडरसन को जाता है। मुझे लगता है कि यह ठीक स्कोर था। यह भले ही बहुत बड़ा नहीं था लेकिन गेंदबाजों के पास मौका था। हमें बल्ले से अधिक जिम्मेदारी से खेलना होगा और गेंदबाजी में अधिक अनुशासन लाना होगा।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।