भारत के टेबल टेनिस खिलाड़ी जी साथियान ने शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए मंगलवार को विश्व टेबल टेनिस चैंपियनशिप के मुख्य दौर में जगह बना ली। दुनिया के 188वें नंबर के साथियान ने पुरुष सिंगल्स वर्ग के क्वालीफाइंग के फाइनल राउंड में चिली के फेलिप ओलीवारेस को 11-7, 11-8, 11-8, 11-4 से हराकर मुख्य दौर में प्रवेश किया। साथियान के लिए हालांकि मुख्य मुकाबला आसान नहीं होने वाला, क्योंकि उन्हें पहले ही दौर में 64वें नंबर के स्वीडन के गेरेल पार से खेलना है। क्वालीफाइंग के फाइनल तक का सफर तय करने वाले एक अन्य भारतीय सानील शेट्टी फाइनल में स्विट्जरलैंड के अपने से ऊंची वरीयता प्राप्त इलिया स्कमिड से 12-10, 13-15, 11-9, 6-11, 11-7, 13-15, 9-11 से हार गए। खेल जगत की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें भारत के शीर्ष खिलाड़ी शरत कमल का मुख्य दौर के पहले राउंड में मुकाबला खुद से कम रैंकिंग वाले उत्तर कोरिया के पार्क सिन ह्योक से होगा। देश की सभी महिला खिलाडियों को अपने-अपने पहले दौर के मुकाबलों में खुद से ऊंची वरीयता वाली खिलाडियों का सामना करना है। भारत की सर्वोच्च वरीय और विश्व रैंकिंग में 172वें नंबर की मौमा दास पहले दौर में 69वीं वरीयता प्राप्त रूस की मिखाइलोवा पोलिना से भिड़ेंगी, जबकि के शामिनी का सामना लिथुआनिया की रूटा पास्कोकिनी से होगा। मणिका बत्रा की पहले दौर में भिड़ंत 36वें नंबर की जापान की हिरानो मियू से होगी।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।