पूर्व भारतीय कप्तान राहुल द्रविड़ को शनिवार को यहां बीसीसीआई की हाई प्रोफाइल सलाहकार समिति की पहली बैठक के बाद भारत की ‘ए’ और अंडर 19 टीमों का कोच नियुक्त किया गया लेकिन बांग्लादेश दौरे के बाद सीनियर टीम के निदेशक के पद पर रवि शास्त्री के भविष्य को लेकर असमंजस की स्थिति जारी रही। संन्यास ले चुके महान खिलाड़ियों सचिन तेंदुलकर, सौरव गांगुली और वीवीएस लक्ष्मण की मौजूदगी वाले इस पैनल ने भारतीय क्रिकेट के भविष्य को लेकर पहली बार चर्चा की और इस दौरान बीसीसीआई अध्यक्ष जगमोहन डालमिया भी मौजूद थे। बीसीसीआई सचिव अनुराग ठाकुर ने बैठक के बाद प्रेस कांफ्रेंस में कहा, ‘अच्छी खबर यह है कि राहुल द्रविड़ भविष्य में भारत की ‘ए’ और अंडर 19 टीम को कोचिंग देने को राजी हो गए हैं।’ भारत की ओर से 164 टेस्ट और 344 वनडे खेलने वाले 42 वर्षीय द्रविड़ को राष्ट्रीय सीनियर टीम के कोच का दावेदार माना जा रहा था लेकिन वह अपनी पारिवारिक प्रतिबद्धताओं के कारण इस काम से हिचक रहे थे। द्रविड़ ने टेस्ट में 13288 रन बनाने के अलावा वनडे में भी 10889 रन बनाए।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।