विश्व की सर्वोच्च वरीयता प्राप्त महिला टेनिस स्टार अमेरिका की सेरेना विलियम्स ने अपनी बादशाहत बरकरार रखते हुए फ्रेंच ओपन के रूप में करियर का 20वां ग्रैंड स्लैम खिताब जीता। सेरेना ने तीसरी बार फ्रेंच ओपन पर कब्जा किया है। सेरेना ने सेंटर कोर्ट पर खेले गए खिताबी मुकाबले में चेक गणराज्य की लूसिया साफारोवा को 6-3, 7-6, 6-2 से हराया। साफारोवा पहली बार किसी ग्रैंड स्लैम के फाइनल में पहुंची थीं। सेरेना ने इससे पहले 2002 और 2013 में फ्रेंच ओपन खिताब जीता था। वह अब तक 20 ग्रैंड स्लैम एकल खिताब जीत चुकी हैं। इनमें तीन फ्रेंच ओपन, छह आस्ट्रेलियन ओपन, पांच विंबलडन और छह अमेरिकी ओपन खिताब शामिल हैं। अपने करियर में पहली बार ग्रैंड स्लैम फाइनल में जगह बनाने वाली साफारोवा ने पहले सेट में आसानी से हथियार डालने के बाद हालांकि दूसरे सेट में सेरेना को 7-6 से हराया। एक समय वह 1-4 से पीछे चल रही थीं लेकिन उन्होंने विश्व नम्बर-1 को कड़ी चुनौती दी और सेट अपने नाम किया। तीसरे और निर्णायक सेट में सेरेना ने हालांकि कम अनुभवी साफारोवा को कोई मौका नहीं दिया और उसे 6-2 से अपने नाम किया। पूरे मैच के दौरान सेरेना ने 11 एस लगाए जबकि साफारोवा सिर्फ दो एस लगा सकीं।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।