दस अक्तूबर को पेशेवर मुक्केबाजी में पदार्पण करेंगे विजेंदर सिंह
(India)
भारत के स्टार मुक्केबाज विजेंदर सिंह दस अक्तूबर को पेशेवर मुक्केबाजी में पदार्पण करेंगे हालांकि इस मुकाबले में उनका प्रतिद्वंद्वी कौन होगा इसका अभी फैसला नहीं किया गया है। इस 29 वर्षीय मुक्केबाज ने जुलाई में ब्रिटेन स्थित फ्रांसिस वारेन के स्वामित्व वाले क्वीन्सबेरी प्रमोशन्स के साथ अनुबंध करके अपना एमेच्योर करियर समाप्त कर दिया था। उन्हें पहले इस महीने पदार्पण करना था लेकिन उनके नियोक्ता हरियाणा पुलिस के साथ कानूनी लड़ाई के कारण इसे स्थगित कर दिया गया था। क्वीन्सबेरी प्रमोशन्स ने बयान में कहा कि विजेंदर सिंह का पहला मुकाबला मिडिलवेट वर्ग में चार राउंड का होगा। उनके प्रतिद्वंद्वी की जल्द ही पुष्टि की जाएगी। विजेंदर विश्व मुक्केबाजी के सबसे लोकप्रिय भार वर्ग में हिस्सा लेंगे। भारत के लिए ओलंपिक और विश्व चैंपियनशिप में पदक जीतने वाले विजेंदर इंग्लैंड के मैनचेस्टर एरेना में पेशेवर मुक्केबाजी में पदार्पण करेंगे। हरियाणा पुलिस ने उन्हें पेशेवर सर्किट में भाग लेने की अनुमति दे दी जिसके बाद यह फैसला किया गया।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।