नागपुर में टीम इंडिया को दक्षिण अफ्रीका के पलटवार से सावधान रहने की जरूरत
(India)
मोहाली में पहला टेस्ट जीतकर और बेंगलुरु में बारिश के कारण दूसरा टेस्ट ड्रॉ रहने के बाद चार मैचों की सीरीज में 1-0 से आगे चल रही विराट कोहली की टीम इंडिया को 25 नवंबर से नागपुर के विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में होने वाले तीसरे टेस्ट में दक्षिण अफ्रीका के पलटवार से सावधान रहना होगा। भारत ने विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में 2008 से 2012 तक कुल चार टेस्ट खेले हैं जिनमें से उसने दो जीते हैं, एक ड्रॉ खेला है और एक हारा है। भारत को इस मैदान में एकमात्र हार दक्षिण अफ्रीका से फरवरी 2010 में मिली थी जब वह पारी और छह रन से हार गया था। भारत ने इस मैदान में नवंबर 2008 में खेले गए पहले टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया को 172 रन से हराया था और फिर नवंबर 2010 में न्यूजीलैंड को पारी और 198 रन से शिकस्त दी थी। इस मैदान पर दिसंबर 2012 में इंग्लैंड के खिलाफ खेला गया तीसरा टेस्ट ड्रॉ रहा था। दक्षिण अफ्रीका की टीम भारत में ट्वेंटी-20 और वनडे सीरीज जीतने के बाद टेस्ट सीरीज में बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में संघर्ष कर रही है लेकिन दक्षिण अफ्रीका के कप्तान हाशिम अमला 2010 में इस मैदान पर खेले गए टेस्ट में मिली जीत और अपने खुद के शानदार प्रदर्शन से प्रेरणा ले सकते हैं।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।