भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 124 रनों से हराया
(India)


भारत ने नागपुर टेस्ट मैच में दक्षिण अफ्रीका को 124 रनों से हराकर चार टेस्ट मैचों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। 9 साल बाद टेस्ट की नंबर वन टीम दक्षिण अफ्रीका ने विदेशी पिचों पर टेस्ट सीरीज गंवाई है। इतना ही नहीं 10 साल बाद टीम इंडिया ने टेस्ट सीरीज में दक्षिण अफ्रीका को मात दी है। आर अश्विन ने पहली पारी में पांच और दूसरी पारी में सात विकेट झटके। दक्षिण अफ्रीका 310 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 185 रनों पर ही सिमट गई। हाशिम अमला और फाफ डुप्लेसी ने 39-39 रनों की पारी खेली। अमित मिश्रा ने कप्तान हाशिम अमला और फाफ डुप्लेसी को आउट कर दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाजी क्रम की कमर तोड़ी। रही सही कसर आर अश्विन ने जेपी डुमिनी और डेन विलास को आउट कर निकाल दी। अमला ने फाफ डुप्लेसी के साथ मिलकर 72 रनों की अहम साझेदारी निभाई थी। अमला ने 167 और डुप्लेसी ने 152 गेंदों पर 39 रनों की पारी खेली। दूसरे दिन 32 रन पर दो विकेट से आगे खेलने उतरी मेहमान टीम को तीसरा झटका डीन एल्गर के रूप में लगा। आर अश्विन ने उन्हें चेतेश्वर पुजारा के हाथों कैच आउट कराया। एल्गर ने 18 रनों की पारी खेली। इसके बाद एबी डिविलियर्स और अमला के बीच 18 रनों की साझेदारी हुई। इस पार्टनरशिप को अश्विन ने बहुत खूबसूरत गेंद के जरिए तोड़ा। कैरम गेंद फेंकते हुए अश्विन ने डिविलियर्स को पवेलियन का रास्ता दिखाया। एलबीडब्ल्यू आउट हुए डिविलियर्स ने 9 रनों की पारी खेली।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।