गेंदबाजी आक्रमण में स्थिरता नहीं-धोनी
(India)
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांचवें और अंतिम एकदिवसीय मैच में सांत्वना भरी जीत से राहत महसूस कर रहे भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धौनी को इस बात का मलाल है कि उनकी एकदिवसीय टीम के गेंदबाजी आक्रमण में स्थिरता नहीं है। भारत ने पांचवें एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीयमैच में युवा मनीष पांडे के नाबाद 104 रन की मदद से छह विकेट से जीत दर्ज की लेकिन श्रृंखला 1-4 से गंवाने के दौरान गेंदबाजों ने जमकर रन लुटाए। धौनी हालांकि इसके बावजूद इस प्रदर्शन में सकारात्मक पक्ष देखते हैं। धौनी ने मैच के बाद कहा, मुझे लगता है कि हम इस श्रृंखला में प्रतिस्पर्धी रहे। लक्ष्य मैच जीतना था। पहले चार मैच मुझे लगता है कि करीबी थे लेकिन हम इन्हें अच्छी तरह से खत्म नहीं कर पाए। एकदिवसीय प्रारूप में यह महत्वपूर्ण है। प्रत्येक ओवर मायने रखता है विशेषकर बड़े स्कोर वाले मैच में। ओवर में 15 से 20 रन देने से विरोधी टीम के लिए कुछ आसानी हो जाती है। अंतिम ओवर में छह सहित मैच में 34 रन की पारी खेलकर जीत में अहम भूमिका निभाने वाले धौनी ने कहा, शीर्ष क्रम में लंबे समय से ये खिलाड़ी खेल रहे हैं। निचले बल्लेबाजी क्रम में हमें नुकसान उठाना पड़ रहा है। मनीष ने आज काफी अच्छा प्रदर्शन किया। हमारा गेंदबाजी आक्रमण भी स्थिर नहीं है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।