आज फाइनल में बांग्लादेश भिड़ेगी टीम इंडिया
(India)
एशिया कप में एक भी मैच गंवाए बिना फाइनल में पहुंची टीम इंडिया को रविवार को खिताबी मुकाबले में मेजबान बांग्लादेश से भिड़ना है। मैच काफी रोमांचक हो सकता है क्योंकि बांग्लादेश ने भी एशिया कप का पहला मैच गंवाने के बाद पाकिस्तान और श्रीलंका जैसी मजबूत टीमों को धूल चटाई है। तमीम इकबाल की आक्रामक बल्लेबाजी का सामना जसप्रीत बुमराह की तेज गेंदबाजी से हो या युवा सौम्य सरकार की टक्कर आशीष नेहरा के अनुभव से हो, दर्शकों को रोमांच की पूरी सौगात मिलेगी। रविचंद्रन अश्विन और शब्बीर रहमान इसके अलावा रोहित शर्मा और तसकीन अहमद की टक्कर भी देखने लायक होगी। तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान बाजू में खिंचाव के कारण यह मैच नहीं खेल रहे हैं। कैप्टन कूल महेंद्र सिंह धौनी चाहेंगे कि टीम एशिया कप जीतकर टी-20 वर्ल्ड कप की तैयारी पुख्ता करे। बांग्लादेश के कप्तान मशरेफ मुर्तजा की नजरें अभी टी-20 वर्ल्ड कप पर नहीं है क्योंकि उन्हें धर्मशाला में होने वाले क्वालीफाइंग दौर में नीदरलैंड्स और आयरलैंड से खेलना है। करीब 25,000 दर्शकों के सामने होने वाले मुकाबले में धौनी एंड कंपनी की राह आसान नहीं होगी क्योंकि मेजबान को जबर्दस्त समर्थन हासिल होगा। धौनी, युवराज और विराट कोहली को बड़े फाइनल खेलने की आदत है लेकिन मशरेफ, शाकिब अल हसन, शब्बीर रहमान को खिताबी जीत का अनुभव नहीं मिला है। वे 2012 में खिताब जीतने के करीब पहुंचे थे लेकिन फाइनल में पाकिस्तान से हार गए। उस मैच में आखिरी ओवर में चुके महमूदुल्लाह ने इस बार बेहतरीन प्रदर्शन किया है और पाकिस्तान के खिलाफ अनवर अली की गेंद पर चैका लगाकर टीम को फाइनल में पहुंचाया।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।