सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने अपने पसंदीदा मैदान ईडन गार्डन्स पर एक और बेहतरीन पारी खेली जबकि गेंदबाजों ने भी अपनी लाइन और लेंथ बनाये रखी जिससे भारत ने आज यहां अभ्यास क्रिकेट मैच में वेस्टइंडीज को 45 रन से हराकर विश्व टी20 चैंपियनशिप के लिये अपनी पुख्ता तैयारियों का शानदार सबूत पेश किया। रोहित ने 57 गेंदों पर नौ चैकों और सात छक्कों की मदद से नाबाद 98 रन बनाये। उन्होंने इसी मैदान पर वनडे में 264 रन का विश्व रिकार्ड बनाया है। इस सलामी बल्लेबाज ने युवराज सिंह (20 गेंदों पर 31 रन) के साथ तीसरे विकेट के लिये केवल 74 ओवर में 89 रन की साक्षेदारी की। इससे दोनों टीमों की सहमति से पहले बल्लेबाजी के लिये उतरने वाला भारत छह विकेट पर 185 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा करने में सफल रहा। वेस्टइंडीज की टीम में कई बिग हिटर हैं लेकिन पिछले साल नवंबर से कोई अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेल पाने वाले कैरेबियाई बल्लेबाज पारी संवारने में नाकाम रहे और उसकी टीम 19.2 ओवर में 140 रन पर आउट हो गयी। क्रिस गेल ने सर्वाधिक 20 रन बनाये। भारत की तरफ से मोहम्मद शमी, हार्दिक पंडया, रविंद्र जडेजा और पवन नेगी ने दो-दो विकेट लिये। अंजिक्य रहाणे ने चार कैच लपके।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।