ऑड ईवन नंबर नियम से गाड़ी चलाने के फार्मूले को लेकर भाजपा नेता विजय गोयल और परिवहन मंत्री गोपाल राय ने एक दूसरे को अपने तर्कों से समझाने की कोशिश की। एक तरफ जहां दिल्ली के परिवहन मंत्री गोपाल राय ने सांसद गोयल को फूल थमाया तो गोयल ने उन्हें सौ फूलों का गुलदस्ता थमा दिया। सुबह दस बजे के करीब नैनो कार से परिवहन मंत्री गोपाल राय अशोका रोड स्थित विजय गोयल के घर पहुंचे। वह उनके घर बीस मिनट तक रूके लेकिन उनके बीच संवाद पांच मिनट ही हुआ। दस बजे विजय गोयल के घर पहुंचे राय को शुरुआत में 15 मिनट का इंतजार करना पड़ा। सांसद के आते ही मंत्री ने कहा कि मैं आपसे निवेदन करता हूं कि राजनीतिक विरोध को राजनीतिक मंच से ही करें। सम-विषम नंबर नियम का पालन करें। आपके जैसे व्यक्ति का खुलेतौर पर नियम उल्लंघन करने की बात करने से गलत संदेश जाता है। पलटते ही गोयल ने कहा कि मैं नंबर नियम के खिलाफ नहीं हूं। मैंने जनवरी माह में लागू हुए नंबर नियम में साइकिल से चलकर लोगों को पर्यावरण बेहतर करने का संदेश दिया था। उन्होंने कहा कि सम विषम के नाम पर आम आदमी पार्टी मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के विज्ञापन के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च कर रही है इसे बंद कर दें मैं इसका विरोध बंद कर दूंगा। राय ने तर्क दिया कि केंद्र सरकार और हिन्दुस्तान की अन्य राजनीतिक पार्टियां अपने मिशन केलिए विज्ञापन का इस्तेमाल करती है। सांसद ने कहा कि आने वाले दिनों में विरोध का अलग-अलग तरीकों से अपना विरोध दर्ज कराऊंगा। वही परिवहन मंत्री ने कहा कि हम मनाने आए हैं, नहीं मानेंगे तो कानून के अनुसार काम करेंगे।
Digital Desk: Kamal
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।