पार्थिव पटेल और अंबाती रायुडु की पारियों से जीता मुंबई
(India)
पार्थिव पटेल और अंबाती रायुडु की बेजोड़ अर्धशतकीय पारियों की बदौलत बड़ा स्कोर खड़ा करने वाले मुंबई इंडियन्स ने उसका सफल बचाव करके आज मोहाली में किंग्स इलेवन पंजाब को 25 रन से हराने के साथ आईपीएल नौ में उतार चढ़ाव वाले अपने अभियान को पटरी पर लाने की कोशिश की। पार्थिव (58 गेंदों पर 81 रन) और रायुडु (37 गेंदों पर 65 रन) ने दूसरे विकेट के लिये 14.1 ओवर में 137 रन जोड़कर मुंबई को शुरूआती झटके से उबारकर बड़े स्कोर की नींव रखी। टास गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरे मुंबई की पारी उतार चढ़ाव वाली रही। उसने पहले पांच ओवर में 25, बीच के दस ओवरों में 115 और अंतिम पांच ओवरों में 49 रन बनाकर कुल छह विकेट पर 189 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। ग्लेन मैक्सवेल (39 गेंदों पर 56) और शान मार्श (34 गेंदों पर 45 रन) ने किंग्स इलेवन की तरफ से तीसरे विकेट के लिये 89 रन की साझेदारी की लेकिन आखिर में जब टीम को तेजी से रन बनाने की जरूरत थी तब ये दोनों आउट हो गये। कप्तान डेविड मिलर ने 17 गेंदों पर नाबाद 30 रन बनाये लेकिन किंग्स इलेवन सात विकेट पर 164 रन तक ही पहुंच पाया।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।