मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर डिग्री विवाद मामले में एक बार फिर हमला बोला है। केजरीवाल ने बुधवार को कहा कि दिल्ली विश्वविद्यालय से मोदी को बीए की डिग्री नही मिली। आम आदमी पार्टी के नेता बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की डिग्री लेने के लिए दिल्ली विश्वविद्यालय पहुंचे, मगर उन्हें बैंरग लौटना पड़ा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने नियमों का हवाला देते हुए आप नेताओं को डिग्री देने से साफ मना कर दिया। प्रशासन के इस जवाब से नाराज होकर वापस लौटे आप नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री की डिग्री फर्जी है। इस मामले में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया है कि आईआईटी खड़कपुर ने किसी व्यक्ति की मांग पर मेरी डिग्री तत्काल सौंप दी थी। वजह, हमने वहां पढ़ाई की थी। जब पढ़ाई की थी तो फिर वहां का प्रशासन डिग्री देने से मना क्यों करता। इधर, डीयू प्रशासन प्रधानमंत्री की डिग्री देने से क्यों मना कर रहा है। कारण साफ है कि क्योंकि उनके पास डिग्री नहीं है। इससे पहले केजरीवाल के प्रतिनिधि के तौर पर आप नेता आशुतोष, राघव चड्ढा और आशीष खेतान दोपहर बाद विश्वविद्यालय पहुंचे। उन्होंने विश्वविद्यालय की मुख्य सूचना अधिकारी से मुलाकात की। जब आप नेताओं ने उनसे डिग्री देने की मांग की तो सूचना अधिकारी ने इसके लिए स्वयं को अधिकृत न होने की बात कह कर उन्हें डिग्री देने से इंकार कर दिया। पार्टी नेताओं ने केंद्रीय सूचना आयोग का पत्र भी दिखाया, लेकिन बात नहीं बनी।
Digital Desk: Kamal
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।