उथप्पा और रसेल की उम्दा गेंदबाजी से मिली केकेआर को जीत
(India)
कप्तान गौतम गंभीर और रोबिन उथप्पा की शतकीय साझेदारी और बाद में आंद्रे रसेल की उम्दा गेंदबाजी से कोलकाता नाइटराइडर्स ने आज यहां किंग्स इलेवन पंजाब पर सात रन से जीत दर्ज की आईपीएल नौ की अंकतालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया। गंभीर (45 गेंदों पर 54 रन) और उथप्पा (49 गेंदों पर 70 रन) ने पहले विकेट के लिए 13.3 ओवर में 101 रन की साझेदारी की लेकिन पिच धीमी थी और किंग्स इलेवन ने पावरप्ले की तरह डेथ ओवरों में भी अच्छी गेंदबाजी करके केकेआर को तीन विकेट पर 164 रन ही बनाने दिए। किंग्स इलेवन ने आखिरी पांच ओवरों में केवल 33 रन दिए जबकि यूसुफ पठान (नाबाद 19) और आंद्रे रसेल (16) जैसे धुरंधर बल्लेबाज क्रीज पर थे। रसेल ने हालांकि गेंदबाजी में कमाल दिखाया जिससे किंग्स इलेवन ने शुरू में ही तीन विकेट गंवा दिये। इससे उसके लिये लक्ष्य तक पहुंचना मुश्किल हो गया। ग्लेन मैक्सवेल ने 42 गेंदों पर 68 रन की तेजतर्रार पारी खेली लेकिन अन्य बल्लेबाज अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाये। अक्षर पटेल ने आखिर में सात गेंदों पर 21 रन बनाए लेकिन इससे हार का अंतर ही कम हो पाया। रसेल ने चार ओवर में 20 रन देकर चार विकेट लिए। केकेआर की यह नौ मैच में छठी जीत है जिससे उसके 12 अंक हो गए हैं। गुजरात लायन्स के भी 12 अंक हैं लेकिन नेट रन रेट में वह केकेआर से पीछे है। किंग्स इलेवन की यह आठ मैचों में छठी हार है और उसके लिये अब शीर्ष चार में जगह बनाने की राह मुश्किल हो गयी है। किंग्स इलेवन अब भी अंकतालिका में अंतिम पायदान पर बना हुआ है। किंग्स इलेवन के सामने बहुत बड़ा लक्ष्य नहीं था लेकिन रसेल ने शुरू में ही उसकी पारी लड़खड़ा दी। वेस्टइंडीज के इस आलराउंडर ने अपने शुरुआती दो ओवरों में केवल तीन रन दिये तथा मार्कस स्टोनिस और मनन वोहरा को लगातार ओवरों में पवेलियन की राह दिखायी। मोर्ने मोर्कल ने कप्तान मुरली विजय (6) का कीमती विकेट लिया जिससे स्कोर तीन विकेट पर 13 रन हो गया।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।