ट्रेनिंग सेंटर में अभ्यास के दौरान खिलाड़ी की मौत
(India)

जमशेदपुर के जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कांप्लेक्स स्थित टाटा स्टील बैडमिंटन ट्रेनिंग सेंटर में अभ्यास के दौरान गुरुवार की रात दिल का दौरा पड़ने से खिलाड़ी अपुल मोहन राव की मौत हो गई। वह टाटा-टिमकेन कंपनी में काम करते थे। टाटा स्टील बैडमिंटन ट्रेनिंग सेंटर के कोच विवेक शर्मा ने बताया कि प्रतिदिन की तरह मोहन राव गुरुवार को भी अभ्यास के लिए ट्रेनिंग सेंटर पहुंचे हुए थे, लेकिन कोर्ट खाली नहीं होने की वजह से वह ‘वॉल प्रैक्टिस’ में जुटे गये। इसी दौरान उन्हें दिल का दौरा पड़ गया और वे गिर पड़े। आनन-फानन में उन्हें टाटा मुख्य अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मोहन राव को मृत घोषित कर दिया। विवेक शर्मा की मानें तो मोहन राव के बड़े भाई की मौत भी इसी तरह बैडमिंटन कोर्ट में ही हुई थी। विवेक ने बताया कि एक दिन बातचीत के क्रम में स्वयं मोहन राव ने उन्हें बताया था कि आंध्र प्रदेश में रहनेवाले उनके बड़े भाई राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी थे, जो अभ्यास के बाद बैडमिंटन कोर्ट में बैठकर आराम कर रहे थे। इसके बाद जब साथियों ने घर चलने को कहा, तो कोई जवाब नहीं मिला। फिर नजदीक से देखने पर पता चला कि उनकी मौत हो चुकी है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।