प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की शैक्षणिक योग्यता के मुद्दे को लेकर उन पर हमला तेज करते हुए आम आदमी पार्टी (आप) ने आज दावा किया कि उसने 1975 से 1980 तक के दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के रिकॉर्ड खंगाल लिए हैं, लेकिन एक भी ऐसा सबूत नहीं मिला जिससे साबित हो सके कि डीयू ने कभी मोदी को बीए की डिग्री दी थी। बहरहाल, आप ने कहा कि राजस्थान के अलवर जिले के नरेंद्र कुमार महावीर प्रसाद मोदी को एक डिग्री जरूर दी गई, लेकिन नरेंद्र दामोदरदास मोदी को कोई डिग्री नहीं दी गई। आप के वरिष्ठ नेता आशीष खेतान ने दावा किया, हमने अपने स्तर पर 1975 से लेकर 1980 तक के दिल्ली विश्वविद्यालय के रिकॉर्ड खंगाले और पता लगाया कि नरेंद्र दामोदरदास मोदी नाम का ऐसा कोई शख्स नहीं था जिसे कोई डिग्री दी गई हो। खेतान ने आरोप लगाया, एक शख्स था जिसने 1975 से 1978 तक ग्रैजुएशन किया, लेकिन उनका नाम नरेंद्र कुमार महावीर प्रसाद मोदी था। वह राजस्थान के अलवर के रहने वाले हैं और उनकी जन्म तिथि 19 अक्तूबर 1958 है। एक अखबार में प्रकाशित नरेंद्र मोदी के डिग्री के ब्योरे का हवाला देते हुए खेतान ने कहा कि वह सूचना दिल्ली विश्वविद्यालय में उपलब्ध सूचना से मेल नहीं खाती।
Digital Desk: Kamal
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।