विनेश और साक्षी ने हासिल किया रियो ओलंपिक का कोटा
(India)
भारत की महिला पहलवान विनेश फोगाट और साक्षी मलिक ने रियो ओलंपिक का कोटा हासिल कर लिया है। दोनों ने दूसरे और अंतिम ओलंपिक वर्ल्ड क्वालिफाइंग टूर्नामेंट में शनिवार को शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने अपने वजन वर्गों के फाइनल में पहुंचकर देश को दो ओलंपिक कोटा दिलाकर इतिहास रच दिया। रियो ओलंपिक के लिए इस दूसरे और अंतिम क्वालिफाइंग टूर्नामेंट में फाइनल में पहुंचने वाली दो पहलवानों को ही ओलंपिक कोटा मिलना था। विनेश और साक्षी ने यह कारनामा कर दिखाया। दोनों महिला पहलवानों ने भारतीय महिला कुश्ती में एक नया इतिहास रच दिया है। यह पहली बार होगा जब भारत की दो महिला पहलवान ओलंपिक में उतरेंगी। चार साल पहले 2012 के लंदन ओलंपिक में सिर्फ गीता फोगाट (55 किग्रा) ने देश का प्रतिनिधित्व किया था। विनेश ने 48 किग्रा और साक्षी ने 58 किग्रा वर्ग में देश को ओलंपिक कोटा दिलाया। इसके साथ ही रियो ओलंपिक के लिए भारतीय पहलवानों की संख्या छह पहुंच गई है और यह भी एक नया इतिहास है। पिछले लंदन ओलंपिक में पांच पहलवानों ने देश का प्रतिनिधित्व किया था।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।