सनराइजर्स हैदराबाद अंक तालिका में शीर्ष पर
(India)
आशीष नेहरा की अगुआई में गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन की बदौलत सनराइजर्स हैदराबाद लेग स्पिनर एडम जंपा के आईपीएल इतिहास के दूसरे सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन पर पानी फेरते हुए इंडियन प्रीमियर लीग के कम स्कोर वाले मैच में यहां राइजिंग पुणे सुपरजाइंटस को चार रन से हराकर लगातार चैथी जीत के साथ अंक तालिका के शीर्ष पर पहुंच गया। सनराइजर्स के 138 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पुणे की टीम नेहरा (29 रन पर तीन विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने आठ विकेट पर 133 रन ही बना सकी। भुवनेश्वर कुमार ने किफायती गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 20 रन देकर एक विकेट हासिल किया। पुणे की ओर से जार्ज बैली ने सर्वाधिक 34 रन बनाए जबकि कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने 30 रन की पारी खेली। इससे पहले जंपा (19 रन पर छह विकेट) के आईपीएल नौ और करियर के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के सामने हैदराबाद की टीम आठ विकेट पर 137 रन ही बना सकी। ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने भी चार ओवर में 16 रन पर एक विकेट हासिल किया। आईपीएल इतिहास में जंपा से बेहतर प्रदर्शन सिर्फ आईपीएल से निलंबित टीम राजस्थान रॉयल्स के तेज गेंदबाज सोहेल तनवीर ने किया है जिन्होंने पहले सत्र में एक अन्य निलंबित टीम चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ 14 रन देकर छह विकेट चटकाए थे।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।