दर्द से जूझने के बावजूद आक्रामक बल्लेबाजी की नई इबारत लिखने वाले विराट कोहली के सिर्फ 50 गेंद में 113 रन की मदद से रायल चैलेंजर्स बेंगलूर ने आईपीएल के वर्षाबाधित मैच में आज किंग्स इलेवन पंजाब को डकवर्थ लुईस प्रणाली के आधार पर 82 रन से हराकर प्लेआफ में प्रवेश की उम्मीदें बरकरार रखी है। आईपीएल के मौजूदा सत्र में अपने बल्ले से नित नए रिकार्ड बना रहे कोहली और क्रिस गेल (32 गेंद में 73 रन) के बल्ले से रनों की बौछार के बीच आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी के लिये भेजे जाने पर 15 ओवर में तीन विकेट पर 211 रन बनाए। जवाब में पंजाब की टीम 14 ओवर में नौ विकेट पर 120 रन ही बना सकी थी जब फिर बारिश आने के कारण खेल रोक दिया गया। आरसीबी ने डकवर्थ लुईस प्रणाली के आधार पर 82 रन से जीत दर्ज की जो उसकी लगाकर तीसरी जीत है। इस जीत के बाद बेंगलूर की टीम अंकतालिका में सातवें से दूसरे स्थान पर पहुंच गई और अब उसके 13 मैचों में 14 अंक है। सनराइजर्स हैदराबाद 12 मैचों में 16 अंक लेकर शीर्ष पर है। केकेआर 12 मैचों में 14 अंक के साथ तीसरे और मुंबई इंडियंस 13 मैचों में 14 अंक लेकर चैथे स्थान पर है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।