शानदार फार्म में चल रहे गोलकीपर पीआर श्रीजेश के उम्दा प्रदर्शन के दम पर भारत ने चैम्पियंस ट्राफी हॉकी में अपने से ऊंची रैंकिंग वाले ग्रेट ब्रिटेन को 2-1 से हराकर जीत का स्वाद चखा। ओलंपिक चैम्पियन जर्मनी के खिलाफ कल 3-1 से बढ़त बनाने के बाद 3-3 से ड्रा खेलने वाली भारतीय टीम ने आज अपनी गलतियों से सबक लेकर बेहतर प्रदर्शन किया। ब्रिटेन को मिले चार पेनाल्टी कार्नर में से सिर्फ एक पर ही गोल हो सका। रियो ओलंपिक से पहले आखिरी बड़ा टूर्नामेंट खेल रहे भारत के लिये मनदीप सिंह (17वां मिनट) और हरमनप्रीत सिंह (34वां मिनट) ने गोल दागे जबकि ब्रिटेन के लिए एकमात्र गोल एशले जैकसन ने 35वें मिनट में पेनाल्टी कार्नर पर किया। पहले क्वार्टर में भारतीय डिफेंस चरमराया हुआ नजर आया और दोनों टीमों ने सुस्त हॉकी खेली। थिमैया ने दूसरे ही मिनट में चूक करके ब्रिटेन को पहला पेनाल्टी कार्नर सौंपा लेकिन श्रीजेश ने पहले शाट पर और फिर रिबाउंड पर भी गोल नहीं होने दिया। इसके एक मिनट बाद ही मेजबान ने फिर पेनाल्टी कार्नर बनाया लेकिन एशले जैकसन के शाट को फिर श्रीजेश ने बचाया।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।