दुनिया की नंबर एक जोड़ी और गत चैंपियन भारत की सानिया मिर्जा और स्विट्जरलैंड की मार्टिना हिंगिस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अमेरिका की क्रिस्टिना मैकहेल और लातविया की जेलेना ओस्टेपेन्को को सोमवार को 6-1, 6-0 से रौंदकर विंबलडन टेनिस चैंपियनशिप के महिला डबल्स के क्वार्टरफाइनल में जगह बनाई। गत चैंपियन सानिया-हिंगिस ने यह मुकाबला जीतने में महज 46 मिनट का समय लगाया। सानिया-हिंगिस की विपक्षी जोड़ी मैच में सिर्फ एक गेम ही जीत पाई। सानिया-हिंगिस ने पांच बार विपक्षी जोड़ी की सर्विस तोड़ी। इस बीच पुरुष डबल्स में भारत के रोहन बोपन्ना और रोमानिया के फ्लोरिन मेर्जिया की छठी सीड जोड़ी की चुनौती तीसरे दौर में पांच सेटों के मैराथन संघर्ष में टूट गई। मुकाबला जबरदस्त रहा और बोपन्ना-मेर्जिया की जोड़ी निर्णायक मौकों को भुनाने से चूक गई। बोपन्ना-मेर्जिया को फिनलैंड के हेनरी कोंटीनेन और ऑस्ट्रेलिया के जॉन पियर्स की 10वीं सीड जोड़ी ने दो घंटे 55 मिनट में 2-6, 6-3, 6-4, 6-7, 8-6 से हराकर क्वार्टरफाइनल में स्थान बना लिया। पुरुष डबल्स में बोपन्ना की हार के साथ भारतीय चुनौती खत्म हो गई।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।