कांग्रेस ने यूपी में शीला दीक्षित को बनाया सीएम उम्मीदवार
(India)

वरिष्ठ कांग्रेस नेता और दिल्ली की पूर्व सीएम शीला दीक्षित को यूपी चुनाव में कांग्रेस का सीएम उम्मीदवार बनाया गया है। कांग्रेस ने गुरुवार शाम को प्रेस कांफ्रेंस कर इसकी घोषणा की। चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर ने सिफारिश की थी कि दीक्षित को राज्य में पार्टी के चुनाव प्रचार में बड़ी भूमिका निभानी चाहिए क्योंकि वह एक प्रमुख ब्राह्मण हस्ती हैं और मतदाताओं के लिहाज से काफी बड़ी संख्या रखने वाले तबके का खोया समर्थन कांग्रेस के पक्ष में लौटाने में मदद कर सकती हैं। दीक्षित उत्तर प्रदेश के प्रमुख कांग्रेसी नेता उमाशंकर दीक्षित की पुत्रवधू हैं, जो स्वयं एक ब्राह्मण चेहरा थे और लंबे समय तक केंद्रीय मंत्री और राज्यपाल भी रहे थे। इस महीने की शुरूआत में तीन बार दिल्ली की मुख्यमंत्री रहीं शीला दीक्षित ने कहा था कि उत्तर प्रदेश की पुत्रवधू होने के नाते वह राज्य में कोई भी भूमिका निभाने को तैयार हैं। गुलाम नबी आजाद ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर यूपी सीएम कैंडिडेट के रूप में शीला दीक्षित के नाम की घोषणा की। इसे लेकर आजाद और राज बब्बर की दिल्ली में मीटिंग हुई थी। कहा जा रहा है कि प्रदेश के 11 फीसदी ब्राह्मणों को लुभाने के लिए शीला दीक्षित परफेक्ट चेहरा हैं।

Digital Desk: Kamal

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।