मुश्किल वक्त में रक्षा मंत्री के पास पहुंचे सचिन, नहीं मिली मदद
(DELHI, DELHI) क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर जब मुश्किल में फंसे तो उन्हें देश के रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर की याद आई। सचिन ने अपनी ऑस्ट्रेलिया की यात्रा छोटी कर मनोहर पर्रिकर से मुलाकात भी की, लेकिन उन्हें मदद नहीं मिली। मामला सचिन की पसंदीदा जगह मसूरी से जुड़ा हुआ है। दरअसल, मसूरी के लैंडोर में निर्मित सचिन तेंदुलकर के बिजनेस पार्टनर संजय नारंग के हॉलिडे स्पॉट का डिफेंस रिसर्च एंड डिवेलपमेंट ऑर्गनाइजेशन (डीआरडीओ) के साथ विवाद चल रहा है।
डीआरडीओ का कहना है कि सचिन तेंदुलकर के बिजनेस पार्टनर संजय नारंग ने नियमों की अनदेखी कर नो कंस्ट्रक्शन जोन में इमारत खड़ी कर दी। इतना ही नहीं जब उन्होंने इस स्थान पर निर्माण की अनुमति मांगी थी तो उन्होंने दर्शाया था कि वे वहां टेनिस कोर्ट का निर्माण करेंगे। लेकिन उन्होंने वहां इमारत खड़ी कर दी। खबरों के मुताबिक इस प्रॉपर्टी के निर्माण में इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नॉलजी मैनेजमेंट के आसपास के 50 फुट के दायरे में कोई कंस्ट्रक्शन न होने के नियम का उल्लंघन हुआ है। यह इंस्टिट्यूट डीआरडीओ का है।
सचिन की रक्षा मंत्री के साथ मुलाकात जब सामने आई तो रक्षा मंत्रालय और सचिन से इस बारे में सवाल किए गए। इस मुद्दे से जुड़े सवालों का न तो सचिन ने जवाब दिया और ना ही रक्षा मंत्रालय ने कोई टिप्पणी की। बता दें कि ये विवादित हॉलीडे स्पॉट सचिन को इतना पसंद है कि वे पिछले तीन साल से यहां अपने परिवार के साथ नए साल का जश्न मनाते आ रहे हैं।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।