रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर के अभिनेता आमिर खान को निशाना बनाकर दिए गए बयान पर कांग्रेस ने कड़ा हमला बोला है। कांग्रेस ने कहा कि सरकार दलितों और अल्पसंख्यकों को डरा रही है। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि रक्षा मंत्री को ऐसे बयान देने के बजाय जो काम दिया गया है उसे करना चाहिए। उन्होंने हमला बोलते हुए ट्वीट किए, ”शर्मनाक बात है कि रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर सही जगह पर बंदूक तानने की जगह एक्टर्स को सबक सिखाने की चेतावनी दे रहे हैं।”
उन्होंने आगे लिखा, ”मनोहर पर्रिकर का चैंकाने वाला खुलासा कि भाजपा समर्थकों ने आमिर खान के मुद्दे पर सक्रिय रूप से स्नैपडील को परेशान किया। यह निंदनीय है। क्या मनोहर पर्रिकर का काम भारत को पाकिस्तान जैसे बाहरी आक्रामक ताकतों से बचाना है या एक्टर आमिर खान जैसे देशवासियों को धमकाना है? मनोहर पर्रिकर का बयान असहमति को दबाने वाली, दलितों और अल्पसंख्यकों को डराने की एक मिलीजुली साजिश साबित होती है।” गौरतलब है कि रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर ने एक किताब के लॉन्च के मौके पर कहा था कि देश के खिलाफ बोलने वालों को उसी तरह सबक सिखाया जाना चाहिए जिस तरह से एक अभिनेता को सिखाया गया है। हालांकि उन्होंने आमिर खान का नाम नहीं लिया था लेकिन उनका इशारा इसी ओर था।
Digital Desk: Kamal
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।