सानिया मिर्जा और टेबल टेनिस टीम खेल गांव पहुंची
(India)

भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्जा और टेबल टेनिस टीम शुक्रवार से शुरू होने वाले रियो ओलंपिक में हिस्सा लेने खेल गांव पहुंच गयीं। खेल गांव में सानिया की अगवानी मिशन प्रमुख राकेश गुप्ता ने की और उन्हें ओलंपिक स्मृति चिह्न प्रदान किया। यह सभी खिलाड़ियों को दिया जाता है। सानिया ओलंपिक खेल गांव पहुंचने वाली पहली टेनिस खिलाड़ी हैं। वह मॉन्ट्रियल से यहां पहुंची हैं, जहां वह रोजर्स कप टेनिस टूर्नामेंट में भाग ले रही थीं। सानिया तीसरी बार ओलंपिक में खेलेंगी। विश्व की नंबर वन महिला युगल सानिया महिला युगल में प्रार्थना थोंबारे के साथ जोड़ी बनाएंगी वहीं मिश्रित युगल में वह भारतीय टेनिस स्टार पुरुष खिलाड़ी रोहन बोपन्ना के साथ खेलेंगी। रियो ओलंपिक में महिला युगल मुकाबलों की शुरुआत छह अगस्त से और मिश्रित युगल मुकाबलों की शुरुआत 10 अगस्त से होगी। 29 वर्षीय सानिया ने कहा कि विमान यात्रा लंबी थी लेकिन खिलाड़ी ओलंपिक और भारत की ओर से खेलने को लेकर हमेशा उत्साहित रहते हैं। मुझे यकीन है कि सभी जोड़ियां फिट हैं। अमेरिका के ब्रायन बंधु हट गए हैं फिर भी मजबूत टीम उतारने के लिए उनके पास पर्याप्त खिलाड़ी हैं। सानिया से पहले भारतीय टेबिल टेनिस टीम रविवार को ही खेल गांव पहुंच गयी थी। टीम में इस बार शरत कमल, सौम्यजीत घोष, मौउमा दास और मनिका बत्रा शामिल जैसे शानदार खिलाड़ी शामिल हैं।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।