‘बिना किसी तनाव के ओलंपिक में देश का नाम रोशन कीजिए’
(India)
पहलवान नरसिंह यादव ने राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी (नाडा) से हरी झंडी मिलने के एक दिन बाद मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की जिन्होंने इस खिलाड़ी को बिना किसी तनाव के ओलंपिक में देश का नाम रोशन करने पर ध्यान देने के लिये कहा। प्रधानमंत्री ने भाजपा संसदीय दल की बैठक के तुरंत बाद संसद भवन स्थित अपने कार्यालय में इस पहलवान से मुलाकात की। उन्होंने नरसिंह को आश्वासन दिया कि उनके साथ कुछ भी अन्याय नहीं होगा। नरसिंह ने बैठक के बाद कहा, प्रधानमंत्री ने मुझे शुभकामनाएं दी और मुझे बिना किसी तनाव के ओलंपिक में भाग लेने के लिये कहा। उन्होंने मुझे देश के लिये पदक जीतने पर ध्यान देने को कहा। उन्होंने इसके साथ ही मुझे आश्वासन दिया कि मेरे साथ कोई अन्याय नहीं होगा। यह पहलवान 25 जून को डोप परीक्षण में नाकाम रहा था लेकिन उसने दावा किया था कि उनके खिलाफ साजिश रची गयी है। नरसिंह ने अब कहा कि वह इस विवाद को पीछे छोड़कर ओलंपिक में अपनी भागीदारी और वहां पदक जीतने पर ध्यान देना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि मैं प्रधानमंत्री का आभारी हूं कि वो मुझसे मिले और उन्होंने मेरा समर्थन किया। मैं लोगों का मेरा समर्थन करने के लिये आभार व्यक्त करता हूं। उम्मीद है कि मैं अपेक्षाओं पर खरा उतरूंगा। मैं कुश्ती महासंघ और मीडिया का भी मेरा समर्थन करने के लिये आभार व्यक्त करता हूं।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।