दिग्गज टेनिस खिलाड़ी लिएंडर पेस का दूसरा ओलंपिक पदक जीतने का सपना आज टूट गया जब उन्हें और रोहन बोपन्ना की जोड़ी को पुरुष युगल के पहले दौर में पोलैंड के मार्सिन मातकोवस्की और लुकास कुबोट की जोड़ी के खिलाफ सीधे सेटों में 4-6, 6-7 से शिकस्त का सामना करना पड़ा। रिकार्ड सातवें और संभवतरू अपने अंतिम ओलंपिक में खेल रहे 1996 अटलांटा ओलंपिक के कांस्य पदक विजेता पेस और बोपन्ना की जोड़ी को सिर्फ 84 मिनट में हार झेलनी पड़ी। यह भारतीय जोड़ी पूरे मैच के दौरान कभी लय में नहीं दिखी। इसके अलावा पहले मैच से पूर्व के विवादों ने भी इस जोड़ी का काम मुश्किल किया। पेस ने संभवतरू अपना अंतिम ओलंपिक मुकाबला खेला और वह ब्राजील के इस शहर में पहुंचने के दो दिन के भीतर ही प्रतियोगिता से बाहर हो गए। इससे पहले विश्व टीम टेनिस में खेलने के कारण पेस के देर से टीम से जुड़ने पर सवाल उठाए गए और बाद में खेल गांव में उन्हें अपने अपार्टमेंट में बेड नहीं मिलने की खबरों ने स्थिति को और खराब किया। इतना ही नहीं पेस और बोपन्ना ने सिर्फ एक अभ्यास सत्र में हिस्सा लिया जहां इन दोनों को बामुश्किल एक दूसरे से बात करते देखा गया।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।