ड्रैग फ्लिकर रूपिंदर पाल सिंह के दो शानदार गोलों की बदौलत चैंपियंस ट्राफी के रजत पदक विजेता भारत ने रियो ओलंपिक की हॉकी प्रतियोगिता में अपने अभियान की शानदार शुरुआत करते हुए आयरलैंड को शनिवार को 3-2 से हरा दिया। भारत ने मुकाबले में एक समय 2-0 और फिर 3-1 की बढ़त बना ली थी लेकिन आयरलैंड ने मैच में पांच मिनट शेष रहते स्कोर 2-3 कर दिया। अंतिम मिनटों में भारत ने अपनी रक्षा पंक्ति को मजबूत करते हुए आयरलैंड के हमलों को नाकाम कर ओलंपिक में दस साल के बाद पहली जीत हासिल कर ली। स्टार गोलकीपर पीआर श्रीजेश की कप्तानी में भारतीय टीम ने शानदार शुरुआत की और ड्रैग फ्लिकर वी आर रघुनाथ ने पेनाल्टी कॉर्नर पर 15वें मिनट में पहला गोल कर अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। इसके 12 मिनट बाद रूपिंदर ने अपना जलवा दिखाया और कमाल का गोल करते हुये बढ़त को दोगुना कर दिया। भारत ने देखते ही देखते 2-0 की बढ़त हासिल कर ली। हॉफ टाइम तक भारत की बढ़त 2-0 से बरकरार थी। आधे समय के बाद आयरलैंड ने मैच में वापसी करने की कोशिश की और जान जेर्मिन ने 45वें मिनट में गोल कर स्कोर 1-2 कर दिया लेकिन आयरलैंड की यह खुशी ज्यादा देर तक नहीं टिक सकी। रूपिंदर ने 49वें मिनट में अपना दूसरा और टीम का तीसरा गोल दागकर स्कोर 3-1 कर दिया। रूपिंदर का भारत के लिए यह 57वां अंतरराष्ट्रीय गोल था। उनके इस गोल ने आयरलैंड की वापसी की उम्मीदों पर काफी हद तक अंकुश लगाया।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।